रुद्रपुर नगर निगम को मिलेगा नया हाईटेक भवन, 15.74 करोड़ की मंजूरी; तीन मंजिला इमारत में आधुनिक सुविधाएं और पार्किंग व्यवस्था, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य।

Share the news

रुद्रपुर। शासन ने नगर निगम रुद्रपुर के बहुमंजिला हाईटेक भवन के निर्माण के लिए 15 करोड़ 74 लाख रुपये के बजट को प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति दे दी है। जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य धरातल पर शुरू किया जाएगा। इस भवन के निर्माण से नगर निगम की कार्यप्रणाली और सुविधाओं में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।
मेयर विकास शर्मा ने बताया कि नगर निगम कार्यालय को हाईटेक बनाने के उद्देश्य से शासन को विस्तृत प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे पहले ही मंजूरी मिल चुकी थी। गुरुवार को देहरादून में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक में इस परियोजना को अंतिम मुहर लगा दी गई। बैठक में राज्य की कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा हुई और नगर निगम रुद्रपुर के मुख्य कार्यालय भवन के पुनर्निर्माण कार्य को प्राथमिकता देते हुए बजट स्वीकृत किया गया।
मेयर ने बताया कि करीब 15.74 करोड़ रुपये की लागत से तीन मंजिला हाईटेक भवन का निर्माण कराया जाएगा। भवन परिसर में वाहनों के लिए पर्याप्त और व्यवस्थित पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रस्तावित भवन में ग्राउंड फ्लोर, प्रथम तल और द्वितीय तल का निर्माण होगा, जबकि छत पर एक बड़े हॉल का भी प्रावधान रखा गया है।
योजना के अनुसार ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर मुख्य रूप से नगर निगम के कार्यालय संचालित किए जाएंगे, ताकि नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं आसानी से मिल सकें। वहीं द्वितीय तल और टेरेस हॉल का उपयोग व्यावसायिक और प्रशासनिक गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा।
अधिकारियों के अनुसार यह पूरा भवन भूकंपरोधी तकनीक के आधार पर तैयार किया जाएगा और इसमें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि परियोजना तय समय सीमा के भीतर पूरी हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *