पुष्कर सिंह धामी के नाम सीडीओ को सौंपा ज्ञापन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की 11 सूत्रीय मांगें,

मांगें पूरी न होने पर मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय घेराव की चेतावनी
संवाददाता गोपी
सरकार
रुद्रपुर उधमसिंह नगर
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 11 सूत्रीय मांगें रखी गईं, जिनमें मानदेय में राज्य सरकार द्वारा 140 रुपये प्रतिदिन वृद्धि और केंद्र सरकार को 150 रुपये प्रतिदिन बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेजने की मांग प्रमुख है। सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपये दिए जाने संबंधी जीओ जारी होने तक 300 रुपये की कटौती रोकने की मांग भी उठाई गई।
कार्यकर्ताओं ने बायोमेट्रिक प्रणाली से न जोड़े जाने, सुपरवाइजर पदों पर सीनियरिटी के आधार पर भर्ती, सेवानिवृत्ति आयु 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने और पेंशन योजना लागू करने की मांग की। इसके अलावा भवन किराया वृद्धि, मोबाइल रिचार्ज भुगतान बढ़ाने, अन्य विभागीय कार्यों के लिए 1000 रुपये प्रतिमाह मानदेय, नंदा गौरा योजना का लाभ तथा पीएमवीवाई की लंबित राशि जारी करने की मांग की गई। मांगें पूरी न होने पर मुख्यमंत्री आवास व सचिवालय घेराव की चेतावनी दी गई।




