रुद्रपुर में बिजली चोरों पर ताबड़तोड़ प्रहार, 201 स्थानों पर सघन चेकिंग, 41 एफआईआर

Share the news

रुद्रपुर में बिजली चोरी के खिलाफ विजिलेंस विभाग और यूपीसीएल की संयुक्त टीम ने अब तक की सबसे बड़ी और सख़्त कार्रवाई को अंजाम देकर हड़कंप मचा दिया। खेड़ा, दरियानगर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्रों में एक साथ चली इस व्यापक कार्रवाई में बिजली चोरी के संगठित नेटवर्क पर करारा प्रहार किया गया।

अभियान के दौरान कुल 201 स्थानों पर सघन और बारीकी से जांच की गई। जांच में मीटर बाईपास, अवैध कनेक्शन, सीधे लाइन से बिजली चोरी और जानबूझकर राजस्व नुकसान पहुंचाने के गंभीर मामले सामने आए। कार्रवाई के तहत 41 आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है, जबकि कई अन्य मामलों में भारी जुर्माना लगाने और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

यह निर्णायक अभियान अधिशासी अभियंता (ईई) श्री राजीव चक्रवर्ती के नेतृत्व में चलाया गया। टीम में एसडीओ अनु अरोड़ा, एसडीओ अंशुल मदान, जेई उमेश राणा, पारु चौधरी, कुलदीप शामिल रहे। वहीं विजिलेंस विभाग की ओर से एई अमित आर्य, इंस्पेक्टर संजीव त्यागी और मरुत शाह ने मोर्चा संभाला।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे सघन अभियान लगातार जारी रहेंगे। इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिजली चोरों में खौफ का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *