रुद्रपुर में सुरक्षा का कड़ा संदेश: आरएएफ और पुलिस का संयुक्त फ्लैग मार्च, संवेदनशील इलाकों में बढ़ी चौकसी

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता।

शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया। यह फ्लैग मार्च कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा, जिससे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का स्पष्ट संदेश दिया गया।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस और आरएएफ के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे। अधिकारियों ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। इस मौके पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) प्रशांत कुमार ने बताया कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह फ्लैग मार्च निकाला गया है। उन्होंने कहा कि रैपिड एक्शन फोर्स पांच दिनों के लिए रुद्रपुर आई हुई है और मंगलवार को कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में फ्लैग मार्च के बाद अन्य थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह के मार्च आयोजित किए जाएंगे।

हालांकि फ्लैग मार्च को लेकर शहर में अलग-अलग नजरिए भी सामने आ रहे हैं। बीते दिनों हुए पथराव की घटना के बाद इसे प्रशासन की सख्त चेतावनी के रूप में भी देखा जा रहा है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि शांति व्यवस्था भंग करने या पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *