रुद्रपुर, संवाददाता।
रुद्रपुर-किच्छा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक पैदल कांवरिया को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसा तुलसी द्वारा के सामने, राधा स्वामी सत्संग घर के गेट नंबर 7 के पास हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राहुल नामक कांवरिया अपने साथियों के साथ किच्छा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही राहुल सड़क पर गिर पड़ा और उसके हाथ में गंभीर चोट आई। साथी कांवरियों ने उसे संभाला, लेकिन घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुट गए।
घायल की हालत देख कांवरियों में रोष फैल गया। गुस्साए श्रद्धालुओं ने बाइक सवार को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने बाइक को आग के हवाले कर दिया। कुछ ही मिनटों में बाइक जलकर खाक हो गई।
घटना के विरोध में कांवरियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया।
एहतियात के तौर पर पुलिस ने गेट नंबर 7 से किच्छा की ओर जाने वाले ट्रैफिक को वन-वे कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




