रुद्रपुर। मुख्य बाजार स्थित जे.जे. ज्वैलर्स में कार्यरत कर्मचारी के खिलाफ चांदी के आभूषण चोरी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। दुकान स्वामी हरदीप भल्ला की तहरीर पर बाजार चौकी के माध्यम से कोतवाली रुद्रपुर में अभियोग पंजीकृत किया गया।
तहरीर के अनुसार 14 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 1:40 से 1:55 बजे के बीच दुकान में कार्यरत संजय निवासी सितारगंज ने करीब 200 ग्राम वजनी चांदी की ब्रेसलेट और चेन चोरी कर ली। आरोप है कि दुकान में भीड़ का फायदा उठाते हुए उसने सीसीटीवी कैमरे के ब्लाइंड स्पॉट में जाकर आभूषण को अपनी पैंट की बेल्ट के पास छिपा लिया, ताकि मेटल डिटेक्टर से बच सके।
शिकायतकर्ता के मुताबिक आरोपी ने इसके बाद अपनी भाभी के अस्पताल में भर्ती होने का बहाना बनाकर दुकान से छुट्टी ले ली। संदेह होने पर सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें संदिग्ध गतिविधि सामने आई।
तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में भी आरोपी पर चांदी चोरी का संदेह था, किंतु पर्याप्त साक्ष्य न होने से कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




