रुद्रपुर में आतंक मचाने वाला रोहित उर्फ रवि यादव गिरफ्तार, यूपी के गजरौला में पुलिस ने दबोचा

Share the news

➡️ रुद्रपुर में वारदातों के बाद फरार चल रहे आरोपी को यूपी पुलिस ने धर दबोचा

➡️ स्विफ्ट कार में घूम रहे थे लूट के आरोपी, ₹15,000 नकद और कार बरामद

➡️ रुद्रपुर पुलिस अब वारंट पर लेकर करेगी पूछताछ

रुद्रपुर। रुद्रपुर की पॉश कॉलोनी सामिया लेक सिटी में दहशत फैलाने वाला शातिर अपराधी रोहित उर्फ रवि यादव आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी को उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के गजरौला थाना पुलिस ने लूट की वारदात के बाद पकड़ा है। बताया जा रहा है कि रवि यादव रुद्रपुर में कई वारदातों को अंजाम देने के बाद अपने साथियों के साथ फरार चल रहा था। रुद्रपुर पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में दबिश दे रही थी।

 

लूट के बाद गजरौला में पकड़े गए आरोपी

जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार मय हमराही दल और PRV टीम गश्त पर थी, तभी थाना मुण्डापांडे क्षेत्र से सूचना मिली कि जय दुर्गा फिलिंग स्टेशन पर कार सवार युवकों ने ₹50,000 की लूट की है और PRV कर्मी को टक्कर मारकर फरार हो गए हैं।

 

सूचना मिलते ही पुलिस ने काकाठेर मोड़ पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध ग्रे स्विफ्ट कार (DL 2CAS 8370) आती दिखाई दी। पुलिस ने कार रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने बैरियर तोड़ने की कोशिश की, लेकिन कार डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीन युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी और बरामदगी

पुलिस ने आरोपियों के पास से ₹15,000 नकद और एक स्विफ्ट कार बरामद की। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार हुई

1️⃣ रोहित उर्फ रवि यादव उर्फ अमित यादव, पुत्र सुभाष, निवासी ग्राम सोरखा, नोएडा

2️⃣ किट्ट उर्फ भानू, पुत्र कुंदन, निवासी न्यू अशोक नगर, दिल्ली

3️⃣ जतिन, पुत्र हरिओम, निवासी न्यू अशोक नगर, दिल्ली

 

तीनों की तलाशी में प्रत्येक के पास ₹5,000 नकद मिले। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नैनीताल घूमने गए थे, जहां पैसे खत्म होने पर उन्होंने पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

 

मुख्य आरोपी ‘सन्नाटा’ अब भी फरार

तीनों ने पूछताछ में एक चौथे साथी ‘सन्नाटा’ का नाम बताया, जो दिल्ली के सिटी साइन स्कूल, न्यू अशोक नगर के पास रहता है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

 

गजरौला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर भेजा जेल

गजरौला पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के खिलाफ धारा 281/125ए/125बी/132/317(2)/324(4) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।

वहीं, रुद्रपुर पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी रवि यादव के खिलाफ पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं, और उसे वारंट पर रुद्रपुर लाकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

 

📍 रिपोर्ट — संवाददाता, उधम सिंह नगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *