पूछताछ में खुलासा: प्रेम संबंध टूटने, पारिवारिक क्लेश और पुलिस शिकायत से आक्रोशित आरोपी ने बीच बाजार युवती की दिनदहाड़े हत्या की

Share the news

देहरादून | संवाददाता

दिनदहाड़े बीच बाजार युवती की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस पूछताछ में सामने आए चौंकाने वाले खुलासे

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह दिनदहाड़े हुई युवती की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के दूल्हा बाजार में हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में हत्या की वजह और घटना से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं।

पुलिस ने बताया कि 2 फरवरी की सुबह दूल्हा बाजार के पास एक गली में युवक ने धारदार हथियार से एक युवती पर हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

दुकान में काम करती थी मृतका

मृतक युवती की पहचान गुंजन पुत्री मनीष श्रीवास्तव, निवासी गोविंदगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि गुंजन दूल्हा बाजार स्थित एक दुकान में काम करती थी। सोमवार सुबह भी वह रोज की तरह काम पर पहुंची थी।

दुकान जाते समय किया गया हमला

पुलिस के मुताबिक गुंजन ने अपने जीजा के घर के पास गली में स्कूटी खड़ी की और वहां से दुकान की ओर पैदल जा रही थी। इसी दौरान आरोपी आकाश पुत्र कोमल राम ने अचानक उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्त में

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की थीं। वारदात के कुछ ही घंटों बाद पुलिस ने आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र करीब 27 वर्ष बताई जा रही है।

तीन साल पुराना था संपर्क

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भी दूल्हा बाजार में एक दुकान पर काम करता है। करीब तीन साल पहले उसकी गुंजन से मुलाकात हुई थी। वह कभी-कभी गुंजन के घर भी जाया करता था। इसकी जानकारी गुंजन के परिजनों को लगने पर उन्होंने आपत्ति जताई थी।

चौकी में हुआ था समझौता

मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। गुंजन के परिजनों ने आरोपी के परिजनों से बातचीत की थी। इसके बाद चौकी खुड़बुड़ा में दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से एक समझौता पत्र दिया गया था, जिसमें एक-दूसरे से किसी भी तरह का संबंध न रखने की बात तय हुई थी।

दो दिन पहले दी थी शिकायत

पुलिस ने बताया कि घटना से दो दिन पहले ही गुंजन ने आरोपी की गतिविधियों से परेशान होकर चौकी खुड़बुड़ा में एक प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था और अलग-अलग जगहों पर छिपता फिर रहा था। वह इस दौरान अपनी दुकान पर भी नहीं गया।

आवेश में की हत्या

पुलिस के अनुसार युवती से बातचीत बंद होने, पारिवारिक विवाद और चौकी में की गई शिकायत के कारण आरोपी मानसिक रूप से दबाव में था। इन्हीं कारणों से वह आवेश में आ गया और दिनदहाड़े बीच बाजार गुंजन की हत्या कर दी।

फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *