ऊधम सिंह नगर/ गोपी सरकार
बाजपुर थाने में दर्ज 420 के एक मामले को लेकर विधायक अरविंद पांडे ने उत्तराखंड के डीजीपी दीपम सेठ से मुलाकात की और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। यह मुकदमा बीस जनवरी को दर्ज हुआ था, जिसमें विधायक के कुछ पारिवारिक सदस्य—जैसे उनके जीजा, बड़े भाई और चाचा के बेटे—नामजद हैं। इस पूरे मामले पर अपनी बात रखते हुए विधायक अरविंद पांडे ने कहा कि वह यह कहने नहीं आए हैं कि मुकदमा झूठा या काल्पनिक है। उन्होंने डीजीपी से मांग की कि जिन लोगों पर मुकदमा दर्ज है और जिन्होंने मुकदमा दर्ज कराया है, दोनों पक्षों का लाइक डिटेक्टर, पॉलीग्राफ, माइंड मैपिंग और नार्को टेस्ट कराया जाए। विधायक ने कहा कि यदि जांच में उनके परिवार का कोई भी सदस्य दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने इसे केवल सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच की मांग बताया।




