रुद्रपुर के रम्पुरा क्षेत्र में एक किशोरी से कथित छेड़छाड़ और विरोध करने पर पूरे परिवार के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई न होने से आक्रोश बढ़ गया है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज लोगों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया और निष्पक्ष जांच व आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।
बताया जा रहा है कि यह घटना 4 मार्च की है। रम्पुरा क्षेत्र के एक परिवार की किशोरी घर के बाहर गली में खड़ी थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस के कुछ युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। किशोरी किसी तरह खुद को बचाकर घर के अंदर भागी, लेकिन आरोपियों ने घर में घुसकर उसके साथ अभद्रता की।
परिजनों का आरोप है कि जब परिवार की महिलाओं ने बीच-बचाव किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। डंडों और लात-घूसों से की गई इस पिटाई में परिवार की कई महिलाएं घायल हो गईं। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, लेकिन समय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस ने केवल औपचारिक रूप से कुछ लोगों का मेडिकल कराया, जबकि अन्य घायलों का मेडिकल नहीं कराया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी पक्ष स्थानीय राजनीतिक रसूख से जुड़ा होने के कारण पुलिस उन पर कार्रवाई करने से बच रही है। वहीं आरोपियों की ओर से परिवार को लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं, जिससे परिवार दहशत में है।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई और पीड़ित परिवार को सुरक्षा नहीं दी गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। मामले में एसएसपी अजय गणपति ने कोतवाली पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।




