पार्षद सौरभ बेहड़ पर हमले के बाद पुलिस एक्शन में, तीन संदिग्ध हिरासत में — एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश

Share the news

रूद्रपुर।

आवास विकास चौकी क्षेत्र में पार्षद श्री सौरभ बेहड़ पर हुए हमले के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री मणिकांत मिश्रा ने गंभीर रुख अपनाया है। शनिवार को एसएसपी स्वयं अस्पताल पहुंचे और घायल पार्षद श्री सौरभ बेहड़ का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर उपचार के निर्देश दिए।

घटना 18 जनवरी 2026 की शाम की बताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार पार्षद श्री सौरभ बेहड़ स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके घर के पास एक गली में बाइक सवार तीन अज्ञात युवक पहुंचे। इनमें से एक युवक बाइक पर बैठा रहा, जबकि दो युवक उतरकर पार्षद को स्कूटी से गिराते हुए उनके साथ मारपीट करने लगे और महज 6 सेकेंड में वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।

घटना की पुष्टि स्वयं पार्षद श्री सौरभ बेहड़ ने की है। मामले को लेकर संबंधित विधायक से भी पुलिस अधिकारियों द्वारा बातचीत की गई है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *