रुद्रपुर। नगर के मोहल्ला फिदानगर में पुलिस ने अवैध मांस कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक घर में छापा मारकर 50 किलो भैंस का मांस बरामद किया है। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो जीवित जानवर भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए हैं।
जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर एसआई हरीश मेहर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फिदानगर स्थित मोहम्मद रफी के घर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान आंगन से भारी मात्रा में मांस बरामद हुआ। पुलिस को देखकर आरोपी मोहम्मद रफी और उसका बेटा सलमान मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक चापड़, छुरी, चार पैर, दो कान, दो सींग, एक पूंछ और एक खाल भी बरामद की है, जिससे मौके पर ही पशु वध किए जाने की पुष्टि होती है। सूचना मिलते ही पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमाईला मलिक भी मौके पर पहुंचीं और बरामद मांस का सैंपल लेकर जांच की। प्रारंभिक जांच में मांस भैंस का बताया गया है।
थाना प्रभारी धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 325 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले की गहन जांच की जा रही है कि यह अवैध कारोबार कितने समय से संचालित हो रहा था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे अवैध कारोबारों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।




