रुद्रपुर।
आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा एवं आने वाले त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से ऊधम सिंह नगर पुलिस पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में मंगलवार 04 फरवरी 2026 को जनपद के जसपुर और काशीपुर क्षेत्रों में पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों द्वारा संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना, सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय स्थापित करना रहा। एसएसपी के निर्देशों के क्रम में पुलिस और पैरामिलेट्री फोर्स ने एकजुट होकर शक्ति प्रदर्शन किया, जिससे आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक प्रबल हुई।
कोतवाली जसपुर एवं कोतवाली काशीपुर पुलिस टीमों ने अर्द्धसैनिक बलों के साथ मिलकर अपने-अपने क्षेत्रों के मुख्य बाजारों, प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों और घनी आबादी वाले इलाकों में पैदल गश्त की। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस बल गलियों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों से गुजरता हुआ नजर आया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और शांति बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान स्पष्ट संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की अराजकता, अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि कांवड़ यात्रा एवं त्योहारों के दौरान पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या अव्यवस्था की सूचना मिलते ही तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनपद में शांति और सुरक्षा बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।




