ऊधमसिंहनगर में अवैध हथियारों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 6 दिन में 21 गिरफ्तार; 31 तमंचे, पिस्टल और कारतूस बरामद, SSP अजय गणपति के अभियान से मचा हड़कंप

Share the news

ऊधमसिंहनगर जनपद में अवैध शस्त्रों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान के तहत महज 6 दिनों में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस दौरान 21 अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 12 मार्च 2026 से शुरू हुए इस अभियान के तहत 17 मार्च तक 19 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान कुल 31 तमंचे, 1 पिस्टल, 65 जिंदा कारतूस और 3 खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।

जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने लगातार चेकिंग और दबिश अभियान चलाकर यह सफलता हासिल की है। ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र में सबसे बड़ी कार्रवाई सामने आई, जहां 4 अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ 11 तमंचे, 1 पिस्टल और 30 कारतूस बरामद किए गए। वहीं रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र से 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 6 तमंचे और 21 कारतूस बरामद किए गए।

इसके अलावा जसपुर, कुण्डा, काशीपुर, बाजपुर, गदरपुर, किच्छा, सितारगंज और खटीमा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अवैध हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने और फायरिंग जैसी घटनाओं पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

एसएसपी अजय गणपति ने आम जनता से अपील की है कि अवैध शस्त्रों का प्रयोग न करें और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान के बाद जिले में अवैध हथियारों के नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी चोट मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *