ऊधमसिंहनगर में कच्ची शराब माफियाओं पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 401 लीटर बरामद, 6 भट्ठियां ध्वस्त, 27 हजार लीटर लहन नष्ट, एक्शन जारी

Share the news

ऊधमसिंहनगर में अवैध कच्ची शराब के कारोबारियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब माफियाओं में हड़कंप मचा दिया है। अजय गणपति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के निर्देश पर एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 01 मार्च 2026 को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 20 अभियोग पंजीकृत करते हुए 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। अभियान में 401 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि 6 अवैध भट्ठियों को जमींदोज कर दिया गया। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल हो रहे 27 हजार लीटर से अधिक लहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। दो वाहनों को भी जब्त किया गया है।

कोतवाली बाजपुर और गदरपुर क्षेत्र में पुलिस को सबसे बड़ी सफलता मिली, जहां भारी मात्रा में लहन नष्ट किया गया और कई भट्ठियों को तोड़ा गया। काशीपुर, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में भी लगातार कार्रवाई कर अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने का प्रयास किया गया।

एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में दहशत का माहौल है, जबकि आमजन ने अभियान की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *