पुलिस पर हमला: बाइक साइलेंसर से पटाखे फोड़ने की शिकायत पर पहुंचे सिपाहियों की वर्दी फाड़ी, चार पर केस दर्ज

Share the news

लक्सर (हरिद्वार)। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के मुंडाखेड़ा खुर्द गांव में पुलिस टीम पर हमला करने का मामला सामने आया है। बाइक के मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज निकालने की शिकायत पर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों पर आरोपी युवक के परिजनों ने हमला कर दिया। हाथापाई में पुलिसकर्मियों की वर्दी फट गई और उन्हें चोटें भी आईं। पुलिस ने दो महिलाओं समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी प्रदीप ने कंट्रोल रूम में सूचना दी थी कि भास्कर नामक युवक अपने घर के बाहर बाइक के मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाजें निकाल रहा है। सूचना पर हेड कांस्टेबल मनोज मिनान और रविंद्र नागर मौके पर पहुंचे और शिकायत की पुष्टि के बाद भास्कर के घर गए। उस समय भास्कर घर पर नहीं था। पुलिसकर्मियों ने उसके पिता धूम सिंह को समझाया कि बेटे को ऐसी हरकत दोबारा न करने की हिदायत दें।

 

पुलिसकर्मी लौट ही रहे थे कि कुछ दूरी पर धूम सिंह, उसकी पत्नी, भाई और उसकी भाभी ने उन्हें रोक लिया। बताया गया कि सभी ने मिलकर पुलिसकर्मियों को घेर लिया और गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। झगड़े के दौरान वर्दी फट गई और चेहरे पर चोटें आईं। घायल पुलिसकर्मियों ने कोतवाली फोन कर सूचना दी।

 

कुछ देर बाद उपनिरीक्षक दीपक चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। घायल पुलिसकर्मियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया और हेड कांस्टेबल मनोज मिनान की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

 

कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

बताया गया कि पुलिस पूर्व में भी मॉडिफाइड साइलेंसर और पटाखे जैसी आवाजें निकालने वाले बाइक चालकों पर कार्रवाई कर चुकी है, बावजूद इसके कई युवक अब भी इस तरह की हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *