रुद्रपुर में बड़ा नशा तस्कर गिरफ़्तार, एमडीएमए और स्मैक बरामद
रुद्रपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने संयुक्त अभियान में बहेड़ी, बरेली से एमडीएमए और स्मैक की तस्करी कर रुद्रपुर बगवाड़ा मंडी में सप्लाई करने आए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी के पास से 37.44 ग्राम एमडीएमए (मैथामैफ्टामाईन) और 12.09 ग्राम स्मैक बरामद हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बताया कि गुरुवार देर रात एएनटीएफ और पुलिस की टीम बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में हाईवे पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक युवक किच्छा की ओर से पैदल आता दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शाहवेज अहमद पुत्र मंजूर अहमद, निवासी चाटो पिपलिया, चौकी भुड़िया थाना बहेड़ी, बरेली बताया।
तलाशी में उसके पास से एमडीएमए और स्मैक बरामद हुई। आरोपी ने खुलासा किया कि यह नशा उसने बहेड़ी निवासी बाबी विर्क से खरीदा था, जिसने उसे बगवाड़ा मंडी के पास किसी व्यक्ति को देने के लिए कहा था।
पुलिस ने शाहवेज को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि फरार सप्लायर बाबी विर्क की तलाश में पुलिस टीम सक्रिय है और उसका मोबाइल सर्विलांस पर डाल दिया गया है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।



