रविवार दोपहर गावा चौक स्थित इंडियन गैस एजेंसी के पास उस समय हंगामा मच गया जब शादी की एल्बम को लेकर एक युवक ने फोटोग्राफर से मारपीट कर दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर निवासी एक युवक नगर निगम में फोटोग्राफर के रूप में कार्य करता है और शादी की फोटोग्राफी व वीडियो का काम भी करता है। उसने एक युवक की शादी की एल्बम, वीडियो और रील तैयार की थी। वीडियो और रील पहले ही दे दी गई थी, केवल फोटो एल्बम देना बाकी था।
आरोप है कि रविवार को उक्त युवक ने फोटोग्राफर को गावा चौक पर मिलने के लिए बुलाया। जब वह वहां पहुंचा तो युवक अपने साथियों के साथ मौजूद था। एल्बम को लेकर बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई और मामला मारपीट में बदल गया। फोटोग्राफर के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की गई।
हंगामा बढ़ने पर मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को बाजार चौकी ले जाया गया। फोटोग्राफर घायल हो गया, जिसका मेडिकल परीक्षण करवाया गया है। बताया जा रहा है कि मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घायल फोटोग्राफर ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बाजार चौकी प्रभारी जितेंद्र खत्री ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है, जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




