“पासी बोले, मोदी-धामी सरकार में उत्तराखण्ड विकास की ओर अग्रसर”

Share the news

उत्तराखण्ड के सर्वांगीण विकास को भाजपा सरकार दे रही नई रफ़्तार : पासी

 

रुद्रपुर। भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व सांसद बलराज पासी ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की संयुक्त नीतियों से उत्तराखण्ड आर्थिक रूप से मजबूत हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य में 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएँ गति पकड़ चुकी हैं, जिनसे बुनियादी ढाँचे, पर्यटन, स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों में व्यापक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।

 

पासी ने केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण और बद्रीनाथ मास्टर प्लान को उत्तराखण्ड में आधुनिक विकास का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि रोपवे परियोजनाएँ केदारनाथ और हेमकुंड साहिब तक यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाएंगी। वहीं ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य की “लाइफलाइन” के रूप में उभर रही है, जिससे पर्यटन, व्यापार और आपदा प्रबंधन को मजबूती मिलेगी।

 

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हजारों पहाड़ी गाँवों में नल से जल पहुँच रहा है, जिससे महिलाओं का जीवन आसान हुआ है। सोंग और जमरानी बांध परियोजनाओं को उन्होंने जल संकट के दीर्घकालिक समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। पासी ने दावा किया कि धामी सरकार ने पारदर्शी नीतियों के माध्यम से खनन क्षेत्र को राजस्व का प्रमुख स्रोत बनाया है और रोजगार के अवसर बढ़ाए हैं।

 

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से पूर्व जमरानी परियोजना ठप थी, लेकिन अब यह वास्तविक रूप ले रही है और बड़ी आबादी को राहत देगी। स्वास्थ्य सेवाओं में आयुष्मान कार्ड योजना को भी उन्होंने बड़ी उपलब्धि बताया।

 

प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष कमल जिंदल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *