रुद्रपुर। साइबर ठगों ने एक बार फिर नई तरकीब अपनाकर पंतनगर निवासी युवक से लाखों रुपये हड़प लिए। युवक को होटल रिव्यू और ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट टास्क के नाम पर फंसाया गया। ठगों ने स्वयं को KoinBX कंपनी का प्रतिनिधि बताकर उससे करीब ₹10,50,702 रुपये की ठगी कर ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दयाशंकर शर्मा पुत्र ओमप्रकाश शर्मा, निवासी इंदिरा कॉलोनी, पंतनगर ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, कुमाऊं परिक्षेत्र रुद्रपुर में तहरीर दी है कि दिनांक 23 अक्टूबर 2025 को उनके टेलीग्राम अकाउंट पर @Aishwariya_HR3 नाम की आईडी से संदेश प्राप्त हुआ। इसमें गूगल रेस्टोरेंट पर रिव्यू देने के बदले पैसे कमाने का लालच दिया गया। बाद में उनसे व्यक्तिगत जानकारी लेकर एक रजिस्ट्रेशन आईडी दी गई और @ArchanaSinhabot नामक टेलीग्राम यूजर से संपर्क कराया गया।
आरोप है कि उक्त यूजर ने स्वयं को KoinBX कंपनी का प्रतिनिधि बताया और टास्क के नाम पर अलग-अलग यूपीआई आईडी और खातों में रकम जमा कराई। धीरे-धीरे दयाशंकर से 1000 रुपये से लेकर लाखों रुपये तक जमा करवाए गए। ठगों ने उन्हें क्रिप्टो ट्रेडिंग अकाउंट बनवाकर उसमें बोनस और मुनाफे का झांसा दिया, लेकिन अंततः उनका पूरा पैसा फ्रीज कर दिया गया।
दयाशंकर के अनुसार, उनसे VIP टास्क, सिस्टम रिपेयर, और टैक्स क्लियरेंस के नाम पर बार-बार रकम मांगी गई। कुल मिलाकर ₹10,50,702 रुपये विभिन्न यूपीआई आईडी और खातों में जमा करवाए गए। अंत में जब उन्होंने पैसा निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने रिप्यूटेशन पॉइंट और टैक्स पेमेंट का बहाना बनाकर और रुपये मांगे, तब उन्हें धोखाधड़ी का अहसास हुआ।
वहीं, साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन रुद्रपुर ने तहरीर प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्राप्त विवरण के आधार पर बैंक खातों और यूपीआई आईडी की जांच की जा रही है ताकि ठगों तक पहुंचा जा सके और पीड़ित की धनराशि वापस दिलाई जा सके।


