ऑपरेशन क्रैकडाउन: फर्जी दस्तावेजों पर रह रहीं 3 विदेशी महिलाएं गिरफ्तार, नेपाल बॉर्डर से अवैध एंट्री, पुलिस ने नेटवर्क खंगालना शुरू किया

Share the news

देहरादून: उत्तराखंड में चल रहे ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रायपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी भारतीय दस्तावेजों के आधार पर अवैध रूप से रह रही तीन विदेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें एक किर्गिस्तान और दो उज्बेकिस्तान की नागरिक हैं।

पुलिस के अनुसार, सत्यापन अभियान के दौरान एक कॉम्प्लेक्स के फ्लैट में तीनों महिलाएं संदिग्ध हालात में मिलीं। जब उनसे भारत में रहने के वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं। इसके बाद पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में महिलाओं की पहचान ईरीका (29) निवासी किर्गिस्तान, करीना (30) और निगोरा (32) निवासी उज्बेकिस्तान के रूप में हुई। तलाशी में उनके पास से पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल फोन और विदेशी मुद्रा बरामद हुई। जांच में सामने आया कि ईरीका 2023 में एक साल के वीजा पर भारत आई थी, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद भी वापस नहीं लौटी।

वहीं, करीना और निगोरा नेपाल सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थीं और दिल्ली समेत कई शहरों में रह चुकी थीं। तीनों की मुलाकात दिल्ली में हुई, जहां एक परिचित के जरिए उन्होंने फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार कराए।

चौंकाने वाली बात यह भी है कि निगोरा को पहले बिहार पुलिस फर्जी दस्तावेजों के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन जमानत पर छूटने के बाद भी वह भारत में अवैध रूप से रह रही थी।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आप्रवास एवं विदेशियों से संबंधित कानूनों के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही फर्जी दस्तावेज बनाने वाले नेटवर्क की भी जांच तेज कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *