रुद्रपुर। शहर में मंगलवार को मांस बिक्री पर लगे प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की। त्रिशूल चौक स्थित ‘अली ख्वाजा बिरयानी’ ढाबे पर छापेमारी कर टीम ने पका हुआ नॉनवेज और बर्तन जब्त कर लिए।
नगर निगम को सूचना मिली थी कि मंगलवार की पाबंदी के बावजूद प्रतिष्ठान पर धड़ल्ले से नॉनवेज परोसा जा रहा है। महापौर विकास शर्मा के निर्देश पर पहुंची टीम ने मौके पर ग्राहकों को नॉनवेज परोसे जाते हुए पाया। अचानक हुई कार्रवाई से ढाबे में हड़कंप मच गया। टीम ने बिरयानी का पतीला सहित अन्य सामग्री कब्जे में ले ली।
दुकानदार को भविष्य में नियमों का उल्लंघन न करने की चेतावनी देते हुए कहा गया कि दोबारा ऐसा मिलने पर दुकान सील कर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। नगर निगम ने शहर के अन्य होटल और ढाबा संचालकों को भी निर्देश दिए हैं कि मंगलवार को कच्चा या पका हुआ मीट बेचना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियम तोड़ने पर नगर निगम अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।




