कोतवाली पुलिस ने छात्रसंघ चुनाव फायरिंग प्रकरण के फरार आरोपी के घर कुर्की का नोटिस चस्पे की कार्रवाई की। ढोल बजाते हुए पुलिस आरोपी जस्सी उर्फ कचूरा घर पहुंची और नोटिस चस्पा किया। आरोपी पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी जसवीर सिंह उर्फ जस्सी कचूरा पुत्र अमरजीत सिंह निवासी अर्जुनपुर के खिलाफ कोर्ट ने उद्घोषणा वारंट जारी किया था। शनिवार को जांच अधिकारी आर्दश कॉलोनी चौकी प्रभारी होशियार सिंह पुलिस टीम के साथ रुद्रपुर विधानसभा के अर्जुनपुर गांव पहुंचे। जहां टीम ने ग्रामिणों की मौजूदगी में नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई की। पुलिस टीम ने न्यायालय के आदेश की प्रति आरोपी के घर के मुख्य द्वार पर चस्पा की। मौके पर उद्घोषणा वारंट को सार्वजनिक रूप से पढ़कर सुनाया गया। इस दौरान आरोपी के परिजनों ने पुलिस को आश्वासन दिया कि मंगलवार तक जस्सी को पुलिस के सामने पेश किया जाएगा। आर्दश कॉलोनी चौकी प्रभारी होशियार सिंह ने बताया कि आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है। बीते साल जाफरपुर में हुई फायरिंग मामले में भी जस्सी अभियुक्त है। अगर वह पेश नहीं होता है तो कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




