रुद्रपुर। छात्रसंघ चुनाव नामांकन दिवस पर डिग्री कॉलेज गेट पर हुई फायरिंग का पुलिस ने राजफाश कर दिया। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देशों के बाद कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें से एक के पास से अवैध तमंचा भी मिला है।
मालूम हो कि 24 सितम्बर को नामांकन के दौरान दो गुटों के बीच कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया था। गाली-गलौज और हाथापाई के बीच अचानक फायरिंग हो गई। आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और मुखबिर की सूचना के आधार पर ब्लॉक रोड और किच्छा रोड पर घेराबंदी कर आरोपियों को दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बरेली निवासी रखवीर सिंह, रुद्रपुर निवासी दानिश और दिनेशपुर निवासी गुरपेज सिंह के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार तीनों शातिर किस्म के अपराधी हैं। दानिश पर हत्या के मुकदमे दर्ज रह चुके हैं और गुरपेज सिंह फसियापुर गोलीकांड में नामजद रहा है।
इस मामले में पुलिस ने जस्सी कचूरा, मनप्रीत उर्फ गोपी, अभय सक्सैना, चेतन मागढ़, सत्यम, गगन रतनपुरिया, विक्रम जानी भाटिया, प्रिंस शर्मा, हेमंत मिश्रा, चंदन यादव, रवि रावत, आकाश यादव, आशीष यादव समेत कई अन्य को भी नामजद किया है। विवेचना अभी जारी है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने साफ कहा कि अराजक तत्वों और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कॉलेज कैंपस या सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने वालों पर कठोर कार्रवाई तय है।




