रुद्रपुर, संवाददाता।
उधम सिंह नगर जनपद में अपराधियों के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में पुलिस ने जमीनी विवाद के चलते हुई फायरिंग की सनसनीखेज घटना का कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में शातिर अभियुक्त सिमरनदीप सिंह को गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी 315 बोर का शस्त्र भी बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 28 दिसंबर 2025 को थाना कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के फाजलपुर महरोला इलाके में जमीनी विवाद को लेकर फायरिंग की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। घायल को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतक की पहचान कार्तिक पोतदार पुत्र मानिक पोतदार, निवासी विरंची, थाना मानपुर, जिला पश्चिम चंपारण (बिहार) के रूप में हुई।
पुलिस जांच में सामने आया कि उक्त भूमि को लेकर रम्पुरा निवासी कश्मीर सिंह और बगवाड़ा निवासी सिमरनदीप सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस विवाद को लेकर पूर्व में पुलिस द्वारा दोनों पक्षों के विरुद्ध धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई भी की जा चुकी थी। बावजूद इसके विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा अपराध संख्या 593/2025 धारा 109, 190, 191(2), 191(3) एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 29 दिसंबर 2025 को समय 14:25 बजे अभियुक्त सिमरनदीप सिंह पुत्र स्वर्गीय सुखविंदर सिंह, निवासी मजार के सामने, बगवाड़ा, थाना रुद्रपुर को बंसल धर्मकांटा के सामने से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने जमीनी विवाद के चलते फायरिंग की घटना को स्वीकार किया। अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त उसका लाइसेंसी 315 बोर का शस्त्र प्रीत विहार क्षेत्र की झाड़ियों से बरामद किया। वहीं फोरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संकलन की कार्रवाई भी की गई।
पुलिस के अनुसार वर्तमान में क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था सामान्य है। गिरफ्तार अभियुक्त को आज माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।




