यूपीसीएल की बकायेदार सूची में मंत्री रेखा आर्या और दिवंगत चंदन रामदास का नाम, लाखों का बिजली बिल बकाया सार्वजनिक होने से मचा सियासी हलचल

Share the news

उत्तराखंड में बिजली बिल बकाया को लेकर ऊर्जा निगम की सख्ती के बीच एक चौंकाने वाली सूची सामने आई है। इस सूची में बड़े बकायेदारों के नाम सार्वजनिक किए गए हैं, जिनमें कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और पूर्व मंत्री दिवंगत चंदन रामदास का नाम भी शामिल है।

उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड यानी यूपीसीएल ने बड़े बकायेदारों की सूची अखबारों के माध्यम से प्रकाशित की है। जारी जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के नाम पर करीब 2 लाख 98 हजार 704 रुपये का बिजली बिल बकाया दर्ज है।

बताया जा रहा है कि यह बकाया बागेश्वर जिले के कौसानी क्षेत्र में स्थित उनके होटल ‘रुद्राक्ष पैलेस’ के बिजली कनेक्शन से संबंधित है। लंबे समय से भुगतान न होने के कारण यह राशि बकाया के रूप में दर्ज की गई। ऊर्जा निगम की ओर से स्पष्ट किया गया है कि सूची में शामिल सभी उपभोक्ताओं को बकाया भुगतान के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।

इसी सूची में धामी सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवंगत चंदन रामदास के नाम पर भी लगभग 2 लाख 85 हजार 990 रुपये का बकाया दर्शाया गया है। यह राशि उनके नाम पर चल रहे बिजली कनेक्शन से संबंधित बताई गई है। ऐसे मामलों में नियमानुसार उत्तराधिकारियों या संबंधित संपत्ति से वसूली की प्रक्रिया अपनाई जाती है।

ऊर्जा निगम का कहना है कि लगातार बढ़ते बकाए और राजस्व घाटे को देखते हुए बड़े बकायेदारों के नाम सार्वजनिक करना आवश्यक कदम है, ताकि भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। विभाग ने संकेत दिए हैं कि बकाया न चुकाने की स्थिति में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *