फर्जी प्रोफाइल से शादी, दहेज माँग और धर्म परिवर्तन का दबाव – आरोपी गिरफ्तार

Share the news

रुद्रपुर, संवाददाता। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने शादी डॉट कॉम पर फर्जी पहचान बनाकर शादी करने, दहेज माँगने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। मामला नानकमत्ता क्षेत्र की एक युवती से जुड़ा है, जिसने ठगी और प्रताड़ना की पूरी कहानी पुलिस को बताई।

 

पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने स्वयं को मनीष चौधरी बताकर दिसंबर 2024 में हिन्दू रीति-रिवाज से उससे विवाह किया। शुरू में सब सामान्य रहा, लेकिन बाद में आरोपी और उसके परिवार ने ₹2 लाख नकद, एक कार और सोने के आभूषण की माँग की। जब उसने विरोध किया तो उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।

 

इसके बाद खुलासा हुआ कि आरोपी का असली नाम मोनिश पुत्र इरशाद अहमद है, जो विशेष समुदाय से संबंध रखता है और पहले से ही विवाहशुदा है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी और उसके परिजन उसे बार-बार धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालते थे। यहां तक कि शाकाहारी होने के बावजूद उसे जबरन माँसाहार खिलाने की कोशिश की गई। शिकायत करने पर उसे धमकी दी गई कि उसका धर्म पहले ही भ्रष्ट किया जा चुका है और अब वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती।

 

पीड़िता की तहरीर पर नानकमत्ता पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को 6 सितंबर 2025 को दिनेशपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर फर्जी प्रोफाइल बनाई, विवाह किया और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।

 

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि महिलाओं से धोखाधड़ी, दहेज प्रताड़ना और धर्म परिवर्तन जैसे गंभीर अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *