रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में मेले के दौरान एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली ट्रांजिट कैंप में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार शांति विहार निवासी चमन कुमार पुत्र जगदीश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 16 फरवरी 2026 की रात करीब 10 बजे संजय नगर खेड़ा स्थित शिव मंदिर मेले में गया था। आरोप है कि वहां कन्हैया, केसू, राज, शंकर और सुमित नामक युवकों ने उसे घेर लिया और बिना किसी कारण गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसे, बेल्ट, पत्थर और कड़े से बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गया।
पीड़ित का कहना है कि उसके दोस्तों ने उसे मौके से उठाकर घर पहुंचाया। आरोप है कि हमलावरों ने उसे और उसके छोटे भाई विशाल को जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित के अनुसार आरोपियों द्वारा लगातार मोबाइल पर कॉल कर धमकाया जा रहा है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



