एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर से दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, 36 लाख की अफीम बरामद, यूपी-बरेली से जुड़े नशे के नेटवर्क का पर्दाफाश

Share the news

देहरादून/किच्छा। उत्तराखंड पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ‘ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर से दो अंतरराज्यीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ ने किच्छा थाना पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में दोनों आरोपियों से 3.008 किलोग्राम अफीम बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 36 लाख रुपये आंकी गई है।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान सलीम पुत्र रहमत अली (45 वर्ष) और शेर मोहम्मद पुत्र रफीक अहमद (35 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम बहीपुरा थाना बहेड़ी, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पकड़े गए तस्कर लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर नशे के कारोबार में लिप्त थे और अफीम की बड़ी खेप उत्तराखंड के किच्छा, रुद्रपुर और सितारगंज क्षेत्रों में सप्लाई करने की तैयारी में थे।

 

एसएसपी भुल्लर ने बताया कि आरोपी सलीम के खिलाफ बरेली में वर्ष 2015 की 40 लाख रुपये की डकैती सहित गैंगस्टर एक्ट व आईपीसी की कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में सलीम ने खुलासा किया कि वह मुकदमों की पैरवी के खर्च के लिए नशे की तस्करी करता है। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल (UK06BE6875) से अफीम की खेप लेकर आ रहे थे, जिन्हें टीम ने जाल बिछाकर पकड़ लिया।

 

एसटीएफ ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर उत्तर प्रदेश से अफीम लाकर उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में ऊंचे दाम पर बेचते थे। उनसे पूछताछ में कई अन्य ड्रग्स पैडलरों के नाम भी सामने आए हैं, जिन पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भुल्लर ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी बड़े अपराधों की जड़ है और इससे अर्जित धन का उपयोग हथियारों की तस्करी, आतंकवादी घटनाओं और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में किया जाता है। इसलिए नशे के छोटे सौदागरों के बजाय बड़े नेटवर्क को तोड़ना आवश्यक है।

 

बरामदगी:

 

अफीम – 3.008 किलोग्राम

 

वाहन – मोटरसाइकिल संख्या UK06BE6875

 

 

संयुक्त कार्रवाई टीम:

एसटीएफ टीम के निरीक्षक एम.पी. सिंह, उपनिरीक्षक बृजभूषण गुररानी, एएसआई प्रकाश भगत सहित कुल 11 सदस्य शामिल रहे।

थाना किच्छा टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह दानू ने किया।

 

(संवाददाता)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *