गदरपुर के प्रतिष्ठित मेडिकल स्टोर पर STF का छापा, 10 हजार से अधिक नशीली गोलियां-कैप्सूल बरामद
देहरादून/गदरपुर। उत्तराखण्ड में “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने ऊधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रतिष्ठित मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की हैं। वर्ष 2026 में अब तक की यह राज्य की सबसे बड़ी नशीली दवाओं की खेप बताई जा रही है।
कार्यालय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, स्पेशल टास्क फोर्स, देहरादून द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, माननीय मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के अंतर्गत एसटीएफ को राज्य में नशे के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में टीम ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ विवेक कुमार के पर्यवेक्षण एवं पुलिस उपाधीक्षक आर.बी. चमोला के दिशा-निर्देशन में दिनांक 02 मार्च 2026 को निरीक्षक विकास चौधरी के नेतृत्व में एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने ड्रग इंस्पेक्टर निधि शर्मा एवं स्थानीय पुलिस के साथ कोतवाली गदरपुर क्षेत्रांतर्गत “कुमार मेडिकल हॉल” पर छापा मारा। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल, टेबलेट एवं कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान मेडिकल स्टोर स्वामी राजकुमार पुत्र बनवारी लाल (उम्र 53 वर्ष), निवासी वार्ड नंबर 01, गदरपुर को मौके से गिरफ्तार किया गया। तलाशी में 9416 Dicyclomine HCI, Tramadol HCI एवं Acetaminophen युक्त कैप्सूल, 1300 Alprazolam 0.5 mg टेबलेट तथा 51 बोतल Codeine Phosphate एवं Triprolidine Hydrochloride युक्त कफ सिरप बरामद हुए। बरामद दवाएं व्यवसायिक मात्रा में पाई गईं, जिसके आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध थाना गदरपुर में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध रूप से नशीली दवाओं का कारोबार संचालित किया जा रहा था। प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि इन दवाओं की आपूर्ति युवाओं तक की जा रही थी। मामले की गहन जांच की जा रही है, जिससे सप्लाई चेन और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों का पता लगाया जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने जनता से अपील की है कि नशे से दूर रहें और नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या एसटीएफ/एएनटीएफ उत्तराखंड को दें। उन्होंने एसटीएफ के हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 एवं 9412029536 जारी करते हुए कहा कि ड्रग्स-फ्री देवभूमि अभियान के तहत आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस संयुक्त अभियान में एसटीएफ टीम के निरीक्षक विकास चौधरी, उप निरीक्षक विपिन चन्द्र जोशी, उप निरीक्षक कृष्ण गोपाल मठपाल, कांस्टेबल जीतेन्द्र कुमार एवं टेक्निकल हैंड किशन चन्द्र शामिल रहे। वहीं कोतवाली गदरपुर से उप निरीक्षक नरेश चन्द्र पंत, कांस्टेबल दिनेश रावत एवं कांस्टेबल दिनेश विष्ट ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एसटीएफ की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध नशीली दवाओं के कारोबारियों को कड़ा संदेश गया है।




