प्रधानमंत्री आवास योजना में बड़ा खेल! वेट ब्रिज से छेड़छाड़ कर 40 लाख का स्क्रैप मैटेरियल गायब

Share the news

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी घटक) के अंतर्गत रुद्रपुर के ग्राम बागवाला में चल रहे निर्माण कार्य में बड़े पैमाने पर स्क्रैप मैटेरियल चोरी और वजन कांटे से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में निर्माण एजेंसी की ओर से कोतवाली रूद्रपुर में तहरीर देकर करीब 40 लाख रुपये के मैटेरियल गबन का आरोप लगाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण द्वारा अनुबंध संख्या 31R/2023-24 के तहत मेसर्स अभिलाषा इंटरप्राइजेज को ग्राम बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माण कार्य का दायित्व सौंपा गया है। कंपनी में एचआर पद पर कार्यरत शिवमनी कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि निर्माण स्थल से निकलने वाले स्क्रैप मैटेरियल—जिसमें एल्युमिनियम और स्टील शामिल है—की बिक्री का ठेका शंकर आयरन स्टील ट्रेडर्स को दिया गया था।

आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण स्थल पर लगे सरकारी वेट ब्रिज (कांटा) में जीपीएस के माध्यम से छेड़छाड़ की गई और इसी का फायदा उठाकर स्क्रैप मैटेरियल की चोरी की गई। तहरीर के अनुसार अब तक 08 गाड़ियां स्टील और 04 गाड़ियां एल्युमिनियम साइट से बाहर ले जाई गईं। जब इन्हीं वाहनों का वजन दूसरे वेट ब्रिज पर कराया गया, तो 2.5 से 3 टन तक का अंतर सामने आया।

मामला उस समय उजागर हुआ जब एक संदिग्ध वाहन को मौके पर पकड़ लिया गया। पकड़े गए वाहन का नंबर UP-13-DT-7889 बताया गया है, जिसे चालक राजू कुमार चला रहा था। आरोप है कि वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि वाहन को निर्माण एजेंसी ने अपनी कस्टडी में ले लिया। तहरीर में यह भी कहा गया है कि इस पूरे मामले में स्क्रैप क्रेता शंकर, वाहन स्वामी, चालक और अन्य कई लोग शामिल हैं।

निर्माण एजेंसी का दावा है कि इस तरीके से अब तक लगभग 40 लाख रुपये मूल्य के स्क्रैप मैटेरियल का गमन किया जा चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कंपनी की ओर से पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

कोतवाली रूद्रपुर पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वेट ब्रिज से संबंधित तकनीकी पहलुओं, वाहनों की आवाजाही और संबंधित लोगों की भूमिका की गहनता से जांच की जाएगी। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *