पुलिस का बड़ा एक्शन: 15.33 ग्राम स्मैक संग तस्कर गिरफ्तार, 2 लाख की ड्रग्स बरामद, एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर नशे के खिलाफ अभियान तेज

Share the news

रुद्रपुर/पुलभट्टा। जनपद ऊधमसिंह नगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और अहम सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में लगातार चल रही सख्त कार्रवाई के क्रम में पुलभट्टा पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 15.33 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद की है। बरामद स्मैक की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 मार्च 2026 को थानाध्यक्ष पुलभट्टा के नेतृत्व में गठित टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जिसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक प्लास्टिक के डिब्बे में रखी स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शिव कुमार पुत्र रामजीवन निवासी पुरानी मंडी, रेलवे स्टेशन के पास, थाना किच्छा, जनपद ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके पर ही उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

इस मामले में थाना पुलभट्टा में FIR संख्या 45/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *