एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में ऊधम सिंह नगर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने वर्ष 2017 से फरार चल रहे ₹15,000 के ईनामी अभियुक्त को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त पिछले आठ वर्षों से नाबालिग के अपहरण के मामले में वांछित था और लगातार अपनी पहचान बदलकर पुलिस से बच रहा था।
मामला 28 मई 2017 का है, जब ट्रांजिट कैंप निवासी नन्हूकी प्रसाद ने अपनी आठ वर्षीय पुत्री हिमांशी के अपहरण की तहरीर पुलिस को दी थी। आरोप था कि सुनील उर्फ अनिल नामक व्यक्ति बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया। इस पर थाना ट्रांजिट कैंप में धारा 363 और 366 आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान अभियुक्त के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य सामने आए, लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस ने उसके विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई करते हुए ईनाम घोषित किया। लंबे समय से फरार अभियुक्त को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग के साथ-साथ आधुनिक सर्विलांस तकनीक का सहारा लिया।
आखिरकार, माननीय न्यायालय के स्थायी वारंट के अनुपालन में पुलिस ने अभियुक्त अनिल उर्फ पप्पू को हरिद्वार के सीसीआर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह बच्ची को ट्रेन से हरिद्वार ले गया था, जहां भीड़ में वह उससे बिछड़ गई। डर के कारण वह वर्षों तक हरिद्वार में रिक्शा चलाकर छिपता रहा। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।



