ऊधम सिंह नगर जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने नववर्ष से पहले बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली दवाइयों, इंजेक्शन और कैप्सूल की भारी खेप बरामद की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई है। बरामद नशीली सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
कोतवाली आईटीआई पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने 29 दिसंबर 2025 को मुखबिर की सूचना पर बाजपुर रोड स्थित दडियाल फ्लाईओवर के पास नेशनल हाईवे किनारे बड़ी सफलता हासिल की। यहां पुराल के नीचे प्लास्टिक की काली पन्नी में छिपाकर रखी गई 17 गत्ते की पेटियों से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन, कैप्सूल और टैबलेट बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में 12,250 नशीले इंजेक्शन, 49,920 स्पास्मो कैप्सूल, 64,560 स्पासमोर कैप्सूल, 51,360 प्रॉक्सियोहम-स्पास कैप्सूल और 1,74,000 ओहम्स अल्फा टैबलेट शामिल हैं। इस मामले में कोतवाली आईटीआई में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद नशीली दवाओं के संबंध में अज्ञात तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए गहन जांच की जा रही है। बरामद माल को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई को पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




