रूद्रपुर में सड़क हादसों पर बड़ा प्रशासनिक एक्शन, अलग-अलग दुर्घटनाओं में हुई कई मौतों की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, एसडीएम किच्छा जांच अधिकारी नियुक्त

Share the news

जिले में हुईं अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में जिला मजिस्ट्रेट नितिन सिंह भदौरिया ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। इन दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान गई और कुछ गंभीर रूप से घायल हुए। जिला मजिस्ट्रेट द्वारा इन मामलों की निष्पक्ष व विस्तृत जांच के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट किच्छा को जांच अधिकारी नामित किया गया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार 6 सितम्बर 2025 को सिडकुल थाना पंतनगर क्षेत्र में एक ऑटो टैम्पो द्वारा स्कूटी को टक्कर मारने के बाद चालक व उसके साथी द्वारा मारपीट और धमकी देने की घटना हुई। वहीं 7 सितम्बर 2025 को किच्छा–रूद्रपुर मार्ग पर एक कार की टक्कर से साइकिल सवार नरपत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

 

इसके अतिरिक्त 10 अक्टूबर 2025 को लालपुर क्षेत्र में टैम्पो की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ। 16 अक्टूबर 2025 को पंतनगर गोल गेट के सामने चलती बस से उतार दिए जाने से लीला देवी की गिरकर गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। वहीं 20 अक्टूबर 2025 को पुलभट्टा क्षेत्र में ट्रक और बस की टक्कर में 12 वर्षीय किशन शाक्य की मौत हो गई।

 

उप जिला मजिस्ट्रेट किच्छा गौरव पाण्डेय ने बताया कि इन घटनाओं से संबंधित कोई भी व्यक्ति अपना पक्ष, बयान या साक्ष्य 27 दिसम्बर 2025 तक कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *