रुद्रपुर में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत स्पा सेंटरों पर बड़ी कार्रवाई, 2 स्थानों से देह व्यापार का भंडाफोड़
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के दो अलग-अलग स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर देह व्यापार के संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से कई लोगों को गिरफ्तार किया, नकदी व आपत्तिजनक सामग्री बरामद की और कुल 9 पीड़ित महिलाओं को रेस्क्यू किया।
पहली कार्रवाई काशीपुर रोड फ्लाईओवर के नीचे स्थित वाइट लोटस यूनिसेक्स स्पा में की गई। प्रभारी निरीक्षक मोहन चन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने स्पा के अंदर एक कमरे से युवक-युवती को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। तलाशी के दौरान 6 सील पैक कंडोम, 3700 रुपये नकद, एक आधार कार्ड, सैमसंग मोबाइल फोन, दो पैकेट पैंटीज और एक विजिटर रजिस्टर बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से गौरव साहू (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार संचालित किया जा रहा था, जहां प्रति ग्राहक 1000 रुपये लिए जाते थे। इसमें से महिलाओं को मात्र 200 रुपये दिए जाते थे। स्पा का संचालन राजू सिंह नामक व्यक्ति के नाम पर बताया गया, जबकि मैनेजर के रूप में मोहम्मद शकील की भूमिका सामने आई, जो ग्राहकों की व्यवस्था करता था।
मौके से बबीता उर्फ जैनी, विनीता, उत्तरा और सुजाता सहित चार महिलाओं को रेस्क्यू किया गया। महिलाओं ने पुलिस को बताया कि आर्थिक तंगी और पारिवारिक समस्याओं के चलते उन्हें इस धंधे में धकेला गया। पुलिस ने सभी को सुरक्षित हिरासत में लेकर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की।
दूसरी कार्रवाई भूरारानी रोड स्थित पिंक डायमंड स्पा सेंटर में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी के नेतृत्व में की गई। यहां छापेमारी के दौरान एक युवक और युवती को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया। मौके से 2250 रुपये नकद, फटा हुआ कंडोम पैकेट, एक रजिस्टर और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पांच महिलाओं को रेस्क्यू किया गया। पूछताछ में सामने आया कि स्पा सेंटर का संचालक गुरमीत सिंह उर्फ गोपी है, जो बाहर से लड़कियों को लाकर ग्राहकों से अवैध गतिविधियां कराता था। ग्राहकों से 2000 रुपये तक वसूले जाते थे, जिसमें से महिलाओं को 200-300 रुपये दिए जाते थे।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ धारा 143 भारतीय न्याय संहिता तथा अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम 1956 की धारा 3/4/5/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
सीओ सिटी के निर्देशन में की गई इस संयुक्त कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रुद्रपुर में “ऑपरेशन प्रहार” का बड़ा एक्शन, दो स्पा सेंटरों पर छापा, देह व्यापार का भंडाफोड़, 4 आरोपी गिरफ्तार, 9 महिलाओं का रेस्क्यू, नकदी और आपत्तिजनक सामान बरामद




