नैनीताल। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और नैनीताल वन प्रभाग की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंगोट क्षेत्र से एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो गुलदार (लेपर्ड) की खाल और भारी मात्रा में गुलदार की हड्डियां बरामद की गई हैं। बरामद खालें करीब छह माह पुरानी बताई जा रही हैं, जिनकी लंबाई क्रमशः सात फीट और छह फीट है, जबकि हड्डियों का कुल वजन लगभग साढ़े चार किलो है।
एसटीएफ को लंबे समय से इनपुट मिल रहे थे कि जनपद बागेश्वर क्षेत्र से वन्यजीव अंगों की अवैध तस्करी की जा रही है। इसी क्रम में एसटीएफ और नैनीताल वन प्रभाग ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। सूचना के आधार पर टीम ने पंगोट, नैनीताल क्षेत्र में घेराबंदी कर महेश सिंह कपकोटी पुत्र स्व. जसवंत सिंह, निवासी कपकोट, जिला बागेश्वर को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह खालों को किसी बाहरी पार्टी को बेचने की फिराक में था।
एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गुलदार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की पहली अनुसूची में शामिल है और इसका शिकार या अंगों की तस्करी गंभीर अपराध है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, जिसमें यह पता लगाया जाएगा कि शिकार कब, कहां और किस जंगल में किया गया, साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है।
प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल आकाश गंगवार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी के अन्य साथियों की भूमिका भी सामने आई है, जिनके खिलाफ आगे सख्त कार्रवाई की जाएगी। गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसटीएफ ने जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी वन्यजीव तस्करी से जुड़ी जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या एसटीएफ उत्तराखंड से संपर्क करें। वन्यजीवों के संरक्षण के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।




