हल्द्वानी-रुद्रपुर में एसओटीएफ की बड़ी कार्रवाई, मेडिकल स्टोर से 20 हजार प्रतिबंधित नशीली गोलियां व इंजेक्शन बरामद, आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

Share the news

हल्द्वानी/रुद्रपुर। स्पेशल ऑपरेशन टास्क फोर्स कुमाऊँ रेंज हल्द्वानी की टीम ने जनपद ऊधम सिंह नगर के थाना पुलभट्टा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मेडिकल स्टोर से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का जखीरा बरामद किया है। टीम ने संयुक्त छापेमारी के दौरान एसके मेडिकल स्टोर से ट्रामाडोल और अल्प्राजोलम की कुल 20,142 टैबलेट तथा 50 ट्रामाडोल इंजेक्शन बरामद किए।

कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत की गई। यह अभियान उत्तराखंड के स्वास्थ्य सचिव और कुमाऊँ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाया जा रहा है। मुखबिर की सूचना पर एसओटीएफ कुमाऊँ परिक्षेत्र की टीम और वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार के नेतृत्व में छापा मारा गया।

पुलिस के अनुसार उक्त मेडिकल स्टोर को शकूर खान पुत्र सब्बीर खान, निवासी शक्तिफार्म रोड, ग्राम सेदोरा, चौकी बरा, थाना पुलभट्टा संचालित कर रहा था। प्राथमिक जांच में बिना वैध अभिलेखों के प्रतिबंधित दवाइयों का भंडारण और बिक्री की आशंका जताई गई है।

इस मामले में थाना पुलभट्टा में NDPS Act की धारा 8/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर सख्त प्रहार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

छापेमारी टीम में एसओटीएफ प्रभारी एवं उनकी टीम के साथ औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला और निधि शर्मा भी शामिल रहे। पुलिस ने बरामद दवाइयों को सीज कर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *