एसएसपी मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में किच्छा पुलिस-STF की बड़ी कार्रवाई, अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार, एक किलो से अधिक स्मैक बरामद, कुमाऊं में करोड़ों की नशे की सप्लाई नाकाम, पुलिस सफलता

Share the news

किच्छा | संवाददाता

उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चल रहे नशा मुक्त देवभूमि अभियान को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब किच्छा पुलिस और STF/ANTF कुमाऊं यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में करोड़ों रुपये की स्मैक के साथ एक अंतरजनपदीय नशा तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देशों के क्रम में की गई, जिससे कुमाऊं में नशे की बड़ी सप्लाई से पहले ही साजिश नाकाम हो गई।

पुलिस के अनुसार 30 जनवरी 2026 को कोतवाली किच्छा पुलिस और STF/ANTF कुमाऊं यूनिट द्वारा बीरूनगला रोड दरऊ क्षेत्र में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 01 किलो 33 ग्राम स्मैक/हेरोइन बरामद की गई। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 03 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सहनवाज पुत्र इस्तेखार निवासी इस्लामनगर, वार्ड नंबर 15, बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि यह स्मैक उसे बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने उपलब्ध कराई थी, जिसे वह सितारगंज क्षेत्र के एक व्यक्ति को सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस अब इस पूरे नशा तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए गहन जांच में जुट गई है।

पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना किच्छा में FIR संख्या 30/2026 अंतर्गत धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी सितारगंज भूपेंद्र सिंह धोनी, प्रभारी निरीक्षक किच्छा प्रकाश सिंह दानू, STF/ANTF कुमाऊं यूनिट के निरीक्षक पावन स्वरूप सहित पुलिस और STF के कई अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *