रुद्रपुर में टैक्स चोरी पर बड़ा एक्शन, संयुक्त टीम ने कई ट्रक पकड़े, ट्रांसपोर्ट कंपनी से 6.2 लाख वसूले, जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान तेज

Share the news

रुद्रपुर: रुद्रपुर में टैक्स चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए विशेष अनुसंधान इकाई और राज्य कर विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली से रुद्रपुर और हल्द्वानी तक माल ढोने वाले वाहनों पर गोपनीय निगरानी रखी गई, जिसके बाद उत्तराखंड सीमा में प्रवेश करते ही कई संदिग्ध वाहनों को पकड़ लिया गया।

रविवार को किच्छा सचल दल ने दिल्ली से आ रही आकर्ष ट्रांसपोर्ट की एक गाड़ी को रोका। वहीं रुद्रपुर टीम ने सोमेश्वर लॉजिस्टिक्स की एक गाड़ी और आकर्ष ट्रांसपोर्ट की तीन अन्य गाड़ियों को पकड़कर जांच की। जांच में सामने आया कि ये वाहन परिवहन नियमों की अनदेखी करते हुए माल ढुलाई कर रहे थे।

इसके अलावा किच्छा में स्क्रैप से भरी एक गाड़ी और रुद्रपुर में वेजिटेबल ऑयल से भरे टैंकर को भी जांच के लिए रोका गया। काशीपुर में आरएस ट्रांसपोर्ट का एक वाहन भी टीम के रडार पर आया।

कार्रवाई के दौरान काशीपुर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से 6.2 लाख रुपये बतौर टैक्स जमा कराए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त जीएसटी विनय प्रकाश ओझा ने कहा कि विभाग जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रहा है। टैक्स चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि वाहनों के भौतिक सत्यापन के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और अभियान को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *