रुद्रपुर
बीते बुधवार को रुद्रपुर के सरदार भगत सिंह राजकीय महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनावों को लेकर नामांकन प्रक्रिया के दौरान फायरिंग के मामले में मुख्य आरोपी की शक्तिफार्म में पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की घेराबंदी पर आरोपी ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायर किए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और उपचार के लिए सितारगंज के अस्पताल लेकर गई है। वहीं सूचना पर एसएसपी मणिकांत मिश्रा भी अस्पताल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। बीते बुधवार को छात्रसंघ अध्यक्ष पद के दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच नेशनल हाईवे पर मारपीट हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, मारपीट के बाद एक पक्ष के जस्सी कचूरा और दूसरे पक्ष के सतपाल लाहौरिया ने फायरिंग कर दी थी। मामले में पुलिस की ओर से दोनों पक्षों के 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। वहीं आरोपी दानिश, रखवीर सिंह और गुरपेज सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
एसएसपी ने बताया कि शनिवार रात को फायरिंग मामले में नामजद मुख्य आरोपी गगन रतनपुरिया के इस मामले में सरेंडर करने के संबंध में शक्तिफार्म में किसी से मिलने जाने की सूचना मिली। इस पर पुलिस टीम ने उसकी घेराबंदी की तो गगन रतनपुरिया ने चार राउंड फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली उसके पैर में लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद उसे सितारगंज अस्पताल ले जाया गया। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ यूपी और उत्तराखंड में गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, हत्या व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे 32 मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।



