ऊधमसिंहनगर में वन विभाग की टीम पर जानलेवा फायरिंग करने वाले नामजद अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अजय गणपति के कुशल निर्देशन में बाजपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दलजीत सिंह उर्फ डल्लू को दबोच लिया।
घटना 14 फरवरी 2026 की रात की है। बरहनी वन प्रभाग के वन दरोगा ठाकुर दत्त ध्यानी ने कोतवाली बाजपुर में तहरीर देकर बताया कि जंगल गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि दलजीत सिंह अपने साथियों के साथ पेड़ काटने के औजारों और अवैध असलहे के साथ जंगल की ओर गया है। सूचना पर वन विभाग की टीमें सतर्क हो गईं।
प्रातः करीब 5:45 बजे ग्राम अस्कोट संपर्क मार्ग पर वन विभाग की टीम को पांच मोटरसाइकिल दिखाई दीं, जिन पर खैर की लकड़ी लदी थी। टीम द्वारा रुकने का संकेत देने पर मोटरसाइकिल सवार असंतुलित हो गए और लकड़ी के गिल्टे सड़क पर गिर गए। इसी दौरान आरोपी दलजीत सिंह और उसके साथियों ने वन कर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।
मामले में कोतवाली बाजपुर में एफआईआर संख्या 40/26 धारा 109(1), 191(2), 191(3), 221 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी बाजपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक नरेश चौहान के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
सघन सुरागरसी के बाद 18 फरवरी की देर रात पुलिस ने आरोपी को बरहनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने फायरिंग में इस्तेमाल 12 बोर बंदूक को जंगल में छिपाना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर हरसान कपकोट मार्ग के पास झाड़ियों से बंदूक बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार आरोपी को चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।



