रुद्रपुर। श्री दुर्गा यात्रा समिति की ओर से आयोजित 34वीं वार्षिक माँ वैष्णो दरबार यात्रा सोमवार को दुर्गा मंदिर से विधिविधानपूर्वक आरंभ होकर श्रद्धालुओं के साथ रवाना हुई। महापौर विकास शर्मा और उनकी धर्मपत्नी गीता शर्मा ने मुख्य यजमान के रूप में पूजा-अर्चना कर आरती के बाद यात्रा को हरी झंडी दी।
सुबह निकली ध्वज यात्रा में भक्तों ने भक्ति गीत गाते हुए माँ को चुनरी अर्पित की। पांच मंदिर पहुंचने पर सनातन धर्म सभा के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। महापौर ने इस अवसर पर कहा कि यह यात्रा शहर की धार्मिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है और हर वर्ष श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न होती है।
यात्रा समिति के संयोजक वेद ठुकराल ने बताया कि श्रद्धालुओं का दल तय मार्ग से विभिन्न पावन स्थलों पर दर्शन करता हुआ 21 सितम्बर को माँ ज्वाला देवी की पवित्र ज्योति लेकर रुद्रपुर लौटेगा। यात्रा में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।



