रुद्रप्रयाग।
जनपद रुद्रप्रयाग के सिंद्रवाणी (छिनका, नगरासू) क्षेत्र में गुलदार के हमले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मंगलवार देर रात यह दर्दनाक मामला उस समय भयावह अंत तक पहुंच गया, जब दिनभर की तलाश और रातभर चले सघन रेस्क्यू अभियान के बाद लगभग रात 11 बजे जंगल से 5 वर्षीय मासूम दक्ष का शव बरामद किया गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और मातम का माहौल व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि गुलदार मंगलवार देर शाम बच्चे को उठाकर जंगल की ओर ले गया था। सूचना मिलते ही ग्रामीणों, वन विभाग और प्रशासन की टीमों ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी बच्चे को बचाया नहीं जा सका। देर रात उसका शव गांव से कुछ दूरी पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
गुलदार की बढ़ती दहशत को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनज़र कई स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है। इनमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमसील, सारी, छिनका, झालीमठ, हिलोराधार, सिंद्रवाणी, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छिनका तथा जूनियर हाईस्कूल ककोड़ाखाल शामिल हैं। इन विद्यालयों में बुधवार और गुरुवार को छुट्टी रहेगी।
मासूम दक्ष की मौत के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है। हर आंख नम है और ग्रामीण भय के कारण घरों से बाहर निकलने में भी संकोच कर रहे हैं। अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरा आक्रोश और चिंता है।
एसडीएम सोहन सिंह सैनी ने बताया कि गुलदार की गतिविधियों को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में पिंजरे लगाए जाएंगे। वन विभाग की गश्ती टीमें लगातार निगरानी रखेंगी और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
वहीं, इस घटना को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने वन विभाग और जिला प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उक्रांद के केंद्रीय महामंत्री देवेंद्र चमोली ने कहा कि पहले भी इसी क्षेत्र में गुलदार के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अब भी प्रशासन नहीं जागा तो हालात और भयावह हो सकते हैं।



