रूद्रपुर में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग और मारपीट का आरोप, न्यायालय की शरण में पहुँचा पीड़ित परिवार

Share the news

रूद्रपुर।

जनपद उधम सिंह नगर के थाना रूद्रपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ जमीनी विवाद को लेकर एक परिवार पर हथियारों से लैस होकर हमला किए जाने, फायरिंग और गंभीर मारपीट के आरोप लगे हैं। पीड़ित अंग्रेज सिंह निवासी ग्राम रायपुर, दिनेशपुर ने इस पूरे मामले में पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय, रूद्रपुर में प्रार्थना पत्र दाखिल किया है।

प्रार्थी के अनुसार, उसके चाचा गुरदेव सिंह का बिन्दुखेड़ा निवासी एक व्यक्ति से लंबे समय से भूमि की मेड़ को लेकर विवाद चल रहा था। पंचायत के माध्यम से विवाद सुलझाने के बाद यह तय हुआ था कि पीड़ित पक्ष अपनी जमीन पर पक्की दीवार बनाकर मेड़बंदी करेगा। इसी के तहत खेत में ईंटें रखी गई थीं।

आरोप है कि 26 नवंबर 2025 को दिनदहाड़े करीब साढ़े ग्यारह बजे, कई लोग एकराय होकर खेत में पहुँचे और वहां रखी ईंटों को फेंकना शुरू कर दिया। जब पीड़ित पक्ष ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, तो कथित रूप से हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। पीड़ित का कहना है कि इस दौरान हवाई फायरिंग भी की गई और तमंचे की बट व लाठियों से परिवार के कई सदस्यों को बेरहमी से पीटा गया।

इस हमले में महिलाओं समेत कई लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल, रूद्रपुर ले जाया गया। आरोप है कि हमलावरों ने भविष्य में मेड़ बनाने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पीड़ित ने बताया कि घटना की शिकायत थाना रूद्रपुर और बाद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर अब न्यायालय से एफआईआर दर्ज कराने के आदेश की मांग की गई है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *