रुद्रपुर के आतिशबाजी गोदाम में लाखों की चोरी, नकदी भी ले उड़े चोर

Share the news

महाराजपुर। दीपावली से पहले आतिशबाजी के गोदाम पर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर गांव में सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार, नीरज कुमार का गांव में अमन नाम से आतिशबाजी का गोदाम है, जिसमें त्यौहार को देखते हुए लाखों का सामान भरा हुआ था। शुक्रवार रात करीब नौ बजे नीरज गोदाम बंद कर घर चले गए।

 

रात में अज्ञात चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर अंदर रखी 30 हजार रुपये की नकदी और तीन लाख से अधिक का आतिशबाजी का सामान चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, वारदात को छिपाने के लिए चोरों ने गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर सिस्टम को भी तोड़कर फेंक दिया।

 

शनिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे गांव वालों ने गोदाम के टूटे ताले की सूचना मालिक को दी। सूचना पर पहुंचे नीरज ने चोरी की पुष्टि की और मामले की जानकारी पुलिस को दी।

 

घटना की खबर मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फिलहाल, चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *