किच्छा मार्ग पर सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह राहगीरों ने किच्छा रोड पर राधा स्वामी सत्संग के समीप सड़क किनारे एक व्यक्ति को बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। काफी देर तक शरीर में कोई हरकत न होने पर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और व्यक्ति को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया और मृतक की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।
पुलिस की जांच के बाद मृतक की पहचान मूल रूप से ग्राम समस्तपुर, थाना मीरगंज, जनपद बरेली निवासी तथा हाल निवासी भदईपुरा 45 वर्षीय मुकेश पुत्र पंचम के रूप में हुई। सूचना मिलने पर परिजन जिला चिकित्सालय पहुंचे, जहां शव की पहचान की गई। परिजनों के अनुसार मुकेश मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और नशे का आदी था।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह मुकेश घर से मजदूरी के लिए निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। देर शाम तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शुक्रवार को उन्हें सूचना मिली कि किच्छा मार्ग पर एक व्यक्ति का शव मिला है, जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे।
मुकेश की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के परिवार में एक 14 वर्षीय पुत्र सूरज और एक 15 वर्षीय पुत्री पूजा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।




