विदेश भेजने के नाम पर 15.50 लाख की ठगी, किच्छा पुलिस ने चार पर दर्ज किया मुकदमा

Share the news

विदेश भेजने का सपना दिखाकर 15 लाख 50 हजार रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। किच्छा थाना पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता अमनदीप सिंह, निवासी तरनतारन (पंजाब) ने आरोप लगाया कि जून 2024 में उसके मामा के बेटे रंजीत सिंह के माध्यम से उसकी मुलाकात किच्छा निवासी जसमान सिंह बेदी, सुखवीर बेदी उर्फ बिल्ली, अमन चड्ढा और राजू बेदी से हुई। आरोपियों ने उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा दिया और इसके बदले 15.50 लाख रुपये की मांग की।

शिकायतकर्ता का कहना है कि अलग-अलग तिथियों पर बैंक खातों और नकद के माध्यम से पूरी रकम आरोपियों को दी गई। इसके बाद उसे वीजा सहित अन्य दस्तावेज सौंपे गए। जब अमनदीप सिंह इन्हीं दस्तावेजों के साथ एयरपोर्ट पहुंचा तो वहां अधिकारियों ने कागजातों को फर्जी बताते हुए उसे यात्रा से रोक दिया और वापस भेज दिया।

पीड़ित का आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया और अपनी सुरक्षा को लेकर भयभीत है।

मामले में कानूनी मोड़ तब आया जब पीड़ित ने अपने अधिवक्ता कुलबीर सिंह ढिल्लों के माध्यम से न्यायालय श्रीमान न्यायिक मजिस्ट्रेट किच्छा के समक्ष प्रत्यावेदन प्रस्तुत किया गया।

हालांकि, अदालत के आदेश से पहले ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं संज्ञान लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली।

किच्छा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि बैंक लेन-देन, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *