किच्छा। एक महिला ने मोहल्ले के युवक पर अपनी नाबालिग पुत्री को ब्लैकमेल करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर पुलभटटा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरौलीकलां निवासी मेराज जहां ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी 16 वर्षीय बेटी अलीना को मोहल्ले का सफाई कर्मचारी रोहित झा काफी समय से परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह उसे ब्लैकमेल करता और जबरन शादी का दबाव डालता था। परिजनों ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना।
पीड़िता की मां के अनुसार, एक दिन आरोपी जबरन उनके घर में घुस आया और बेटी की मांग भर दी। इसके बाद वह उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव भी बनाने लगा।
आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप
परिजनों का कहना है कि इन सब घटनाओं के कारण अलीना मानसिक रूप से बहुत परेशान रहने लगी थी। एक नवंबर को वह घर में पंखे से फंदे पर लटकी मिली। उस दिन उसकी आरोपी रोहित झा से फोन पर बातचीत भी हुई थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसे आत्महत्या के लिए उकसाया गया।
न्यायालय के आदेश पर पुलभटटा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।