रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के कुशल निर्देशन में खटीमा क्षेत्र में हुई बुजुर्ग महिला की हत्या का पुलिस ने मात्र 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मृतका के ही भतीजे को गिरफ्तार कर सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश किया।

घटना 18 फरवरी 2026 की देर रात की है, जब डायल 112 के माध्यम से कोतवाली खटीमा पुलिस को सूचना मिली कि सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में वृद्धा श्रीमती जानकी चंद का शव उनके घर में खून से लथपथ अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फील्ड यूनिट व आरएफएसएल कुमाऊं की टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट व अन्य साक्ष्य जुटाए। मृतका के पुत्र की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर कई टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास लगे करीब 60 से 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मृतका के भतीजे रवि चंद पर शक गहराया।
21 फरवरी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी रवि चंद को झनकट क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि पैसों की जरूरत के चलते वह अपनी ताई के घर पहुंचा और मौका पाकर मफलर से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद वह घर से नकदी लेकर फरार हो गया और शक से बचने के लिए बाहर से ताला लगा गया।
पुलिस आरोपी की निशानदेही पर लूटा गया सामान बरामद करने की कार्रवाई कर रही है। इस त्वरित खुलासे से क्षेत्र में पुलिस की कार्यकुशलता की सराहना हो रही है।




